नागौर, 20 जून 2026। राजस्थान वाणी न्यूज़, रमेश सिंह (प्रधान संपादक)
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना के तहत शनिवार को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार जिले के तारकेश्वर में आयोजित ‘पीएम किसान उत्सव दिवस’ कार्यक्रम से देशभर के किसानों के खातों में योजना की 23वीं किस्त जारी की। इस अवसर पर नागौर जिला परिषद सभागार में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण भी देखा गया।
जिले में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत 1 लाख 85 हजार 428 पात्र किसानों को 23वीं किस्त का लाभ मिला। योजना के तहत किसानों को प्रतिवर्ष 6 हजार रुपये की वित्तीय सहायता तीन समान किस्तों में सीधे उनके बैंक खातों में डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से प्रदान की जाती है। योजना का मुख्य उद्देश्य छोटे एवं सीमांत किसानों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना और उनकी कृषि गतिविधियों को सशक्त बनाना है।
कार्यक्रम के दौरान किसानों को योजना से जुड़ी विभिन्न जानकारियां भी दी गईं। अधिकारियों ने बताया कि जिन किसानों के बैंक खातों में डीबीटी सुविधा सक्रिय नहीं है, वे इंडियन पोस्ट पेमेंट्स बैंक (आईपीपीबी) में खाता खुलवाकर योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही किसानों को अपनी ई-केवाईसी, आधार सीडिंग, लैंड सीडिंग तथा भुगतान की स्थिति की नियमित जांच करने के लिए प्रेरित किया गया।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में पूर्व विधायक मोहनराम चौधरी, भाजपा जिला अध्यक्ष रामधन पोटलिया, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रामनिवास सांखला, जिला उपाध्यक्ष रमेश अपूर्वा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, बड़ी संख्या में किसान एवं आमजन उपस्थित रहे।
एक टिप्पणी भेजें