बुजुर्ग के कान से सोने की मुर्की छीनकर भागा आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने बरामद किया आभूषण
नैनवां। 30 अगस्त 2026,श्रवण कुमार गुर्जर (संवाददाता)
नैनवां थाना पुलिस ने बुजुर्ग के कान से सोने की मुर्की छीनकर फरार हुए आरोपी को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर छीनी गई सोने की मुर्की भी बरामद कर ली है। आरोपी से पूछताछ कर पुलिस वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।शौच के लिए गए 70 वर्षीय बुजुर्ग से छीनी मुर्की
फोटो कैप्शन- गिरफ्त आरोपीपुलिस के अनुसार छोगालाल पुत्र बज्जाराम, उम्र 70 वर्ष, निवासी खेड़ा मानपुरा ने नैनवां थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के मुताबिक 20 अगस्त 2026 की शाम करीब 6 बजे वह मानपुरा की खाल के पास शौच के लिए गया था। इसी दौरान अंधेरे में एक व्यक्ति पीछे से आया और बुजुर्ग के दोनों कानों की मुर्कियां पकड़कर झटका मार दिया।झटके से बाएं कान की एक मुर्की टूट गई। आरोपी मुर्की लेकर भागने लगा तो बुजुर्ग ने उसकी शर्ट पकड़कर उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन शर्ट फट गई और आरोपी मौके से फरार हो गया।रिपोर्ट पर नैनवां थाना पुलिस ने प्रकरण संख्या 279/2026, धारा 304(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।CCTV फुटेज और मुखबिर तंत्र से आरोपी तक पहुंची पुलिस,नैनवां थानाधिकारी सहदेव सिंह मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई। पुलिस ने क्षेत्र में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया। पुलिस को मिले इनपुट के आधार पर बबलू पुत्र श्योजीलाल, उम्र 20 वर्ष, निवासी मानसिंह का झोपड़ा, दुगारी, थाना नैनवां, जिला बूंदी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर बुजुर्ग से छीनी गई सोने की मुर्की बरामद कर ली।
थानाधिकारी के नेतृत्व में पुलिस टीम की कार्रवाई
यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय सिंह चंपावत के मार्गदर्शन और नैनवां वृत्ताधिकारी ओमप्रकाश मीणा के निकट सुपरविजन में की गई।
पुलिस टीम में नैनवां थानाधिकारी सहदेव सिंह मीणा के साथ हेड कांस्टेबल हंसराज, कांस्टेबल कमलेश और कांस्टेबल विनोद शामिल रहे। पुलिस के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी और सोने की मुर्की बरामद करने में कांस्टेबल कमलेश की विशेष भूमिका रही।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।

एक टिप्पणी भेजें