राजस्थान में डिजिटल क्रांति का बड़ा कदम: अब WhatsApp पर मिलेंगी 100 से अधिक e-Mitra सेवाएं
ई-मित्र केंद्रों की कतारों से मिलेगी राहत, निर्धारित शुल्क से अधिक वसूली होने पर 181 पर करें शिकायत
जयपुर | ०६ जून २०२६, जनवाणी राजस्थान डिजिटल (रमेश सिंह,प्रधान संपादक)
राजस्थान सरकार का सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग (DOIT&C) प्रदेशवासियों को डिजिटल गवर्नेंस का बड़ा तोहफा देने जा रहा है। नई व्यवस्था के तहत अब नागरिकों को कई सरकारी सेवाओं के लिए ई-मित्र केंद्रों के चक्कर लगाने या लंबी कतारों में खड़े होने की आवश्यकता नहीं होगी। सरकार WhatsApp आधारित e-Mitra सेवा शुरू कर रही है, जिसके माध्यम से आमजन घर बैठे अपने मोबाइल फोन से विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे।
नई व्यवस्था के तहत नागरिक WhatsApp पर "Hi" भेजकर 100 से अधिक e-Mitra सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे। इनमें जाति प्रमाण पत्र, मूल निवास प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, बिजली-पानी के बिलों का भुगतान, जन आधार सेवाएं, विभिन्न सरकारी योजनाओं के लिए आवेदन, शिकायत निवारण तथा अनेक विभागों की ऑनलाइन सेवाएं शामिल होंगी। इस पहल का उद्देश्य सरकारी सेवाओं को अधिक सरल, पारदर्शी और सुलभ बनाना है। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को इसका बड़ा लाभ मिलेगा, जिन्हें छोटी-छोटी सेवाओं के लिए बार-बार ई-मित्र केंद्रों या सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं।
नई सुविधा से समय और धन दोनों की बचत होगी। राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि e-Mitra सेवाओं के लिए निर्धारित शुल्क तय है। यदि कोई ई-मित्र संचालक निर्धारित रेट लिस्ट से अधिक राशि वसूल करता है, तो नागरिक इसकी शिकायत मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 181 पर दर्ज करा सकते हैं। शिकायत मिलने पर संबंधित संचालक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। सरकार का मानना है कि WhatsApp आधारित e-Mitra सेवा डिजिटल राजस्थान के सपने को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी तथा आमजन को सरकारी सेवाओं का लाभ पहले से अधिक तेज, सरल और सुविधाजनक तरीके से उपलब्ध हो सकेगा।
एक टिप्पणी भेजें