Top News

भिवाड़ी की वंशिका होम सोसाइटी में बदहाल सुविधाएं, रहवासी परेशान

 वंशिका होम सोसाइटी में समस्याओं का अंबार, सुविधाओं के अभाव में परेशान 630 परिवार

भिवाड़ी,3 जून 2026 (संजय बंसल)



वंशिका होम सोसाइटी में रहने वाले करीब 630 परिवार मूलभूत सुविधाओं के अभाव और अधूरे विकास कार्यों के कारण भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। सोसाइटीवासियों का आरोप है कि पिछले 5-6 वर्षों से कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं अधूरी पड़ी हैं, जिससे उनका जीवन प्रभावित हो रहा है।



 


निवासियों के अनुसार सोसाइटी में स्थापित किया जाने वाला एसटीपी प्लांट आज तक पूर्ण नहीं हो पाया है। वहीं बिल्डर द्वारा सौर ऊर्जा प्लांट लगाने का किया गया वादा भी अब तक पूरा नहीं किया गया। इसके अलावा सोसाइटी में प्रस्तावित 13 लिफ्टों में से केवल 8 ही संचालित हैं, जिनकी गुणवत्ता को लेकर भी लोग सवाल उठा रहे हैं। लिफ्टों में पावर बैकअप की व्यवस्था नहीं होने से कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी रहती है।

सोसाइटीवासियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर चिंता जताई है। उनका कहना है कि चारदीवारी का निर्माण कार्य अभी तक पूरा नहीं हुआ है, जिसके कारण असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। हाल ही में छह घरों के ताले टूटने की घटना के बाद लोगों की चिंता और बढ़ गई है, जबकि मामले में अभी तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है।अग्निशमन व्यवस्था के अभाव को लेकर भी लोगों में नाराजगी है। सोसाइटी का क्षेत्र अत्यधिक संकरा और भीड़भाड़ वाला होने के कारण किसी आपात स्थिति में फायर ब्रिगेड के वाहनों को पहुंचने में कठिनाई हो सकती है। निवासियों का कहना है कि यदि कभी आग लगने जैसी घटना होती है तो स्थिति भयावह हो सकती है।सोसाइटी की महिलाओं सहित कई निवासियों ने अपनी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि लाखों रुपये खर्च कर घर खरीदने के बावजूद उन्हें मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। लोगों ने प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से जल्द से जल्द समस्याओं का समाधान कराने की मांग की है। सोसाइटीवासियों ने बताया कि तिजारा क्षेत्र के विधायक ने पूर्व में उनकी समस्याओं के समाधान में सहयोग किया है और उन्हें उम्मीद है कि भविष्य में भी वे उनकी आवाज को प्रशासन तक पहुंचाकर राहत दिलाने का प्रयास करेंगे।

Post a Comment

और नया पुराने
जनवाणी राजस्थान
जनवाणी राजस्थान

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume