नागौर : 09 जुलाई 2026 : राजस्थान वाणी (रमेश सिंह)
नागौर की ग्राम पंचायत भाकरोद में गुरुवार को आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का जिला कलेक्टर देवेंद्र कुमार ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं एवं विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने शिविर में उपस्थित लाभार्थियों से संवाद कर उनके कार्यों के निस्तारण तथा प्राप्त सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
शिविर में राजस्व विभाग द्वारा विभिन्न प्रकरणों का निस्तारण किया गया। इनमें खसरा विभाजन के 8, धारा 136 के अंतर्गत शुद्धिकरण के 7, धारा 166 के अंतर्गत शुद्धिकरण के 7 तथा खाता एकीकरण के 8 प्रकरणों का निस्तारण किया गया। इसके अलावा फार्मर रजिस्ट्री से संबंधित 20 कार्य संपादित किए गए तथा डिग्गी निर्माण के लिए भूमि प्रमाण-पत्र के 5 आवेदन प्राप्त हुए। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत ग्रामीणों द्वारा 10 संदिग्ध प्रकरण भी रिपोर्ट किए गए, जिनकी जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है ।जिला कलेक्टर देवेंद्र कुमार ने शिविर में मंगल पशु बीमा योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को बीमा पॉलिसियों का वितरण किया, साथ ही कृषि विभाग द्वारा किसानों को सॉइल हेल्थ कार्ड भी वितरित किए गए। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आमजन के कार्यों का त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने किया डिग्गी का अवलोकन
शिविर के पश्चात जिला कलेक्टर ने ग्राम भाकरोद के एक प्रगतिशील किसान के खेत में निर्मित डिग्गी का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने किसान से डिग्गी निर्माण, जल संरक्षण तथा इससे खेती में होने वाले लाभों की जानकारी ली। उन्होंने जल संरक्षण के ऐसे प्रयासों को ग्रामीण क्षेत्र के लिए उपयोगी बताते हुए किसानों को नवाचार अपनाने के लिए प्रेरित किया।ग्रामीण सेवा शिविरों की श्रृंखला के तहत आगामी 10 जुलाई को ग्राम पंचायत हनुमाननगर एवं बालाजी में शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां आमजन की समस्याओं का मौके पर समाधान किया जाएगा तथा विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।शिविर एवं निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
यह विडियो भी देखे 👇
एक टिप्पणी भेजें