राजस्थान में किसानों को नकली और घटिया बीज बेचने
वाले गिरोह पर कृषि विभाग ने बड़ा शिकंजा कसा है। जयपुर के चौमूं स्थित
रीको क्षेत्र में चल रही एक अवैध फैक्ट्री पर छापेमारी के दौरान लाखों खाली
बीज बैग, पैक किए गए नकली मूंगफली बीज और हाईटेक मशीनें बरामद की गईं।
कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा के निर्देश पर प्रदेशभर में एक साथ चलाए गए
अभियान में कई अवैध इकाइयों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
कृषि विभाग की टीम ने जयपुर के चौमूं स्थित सिल्वर
पार्क (रीको) में औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान पता चला कि ‘एग्रो
जेनिक्स क्रॉप साइंस’ और ‘जीएम एग्रो इंडस्ट्रीज’ नामक कंपनियां अवैध तरीके
से मूंगफली बीजों की पैकेजिंग कर रही थीं। बताया गया कि ये कंपनियां ‘श्री
बालाजी एग्रो सीकर’ के नाम से किसानों को गुणवत्ताहीन और संदिग्ध बीज
बेचने की तैयारी में थीं।
कई जिलों में एक साथ चला अभियान
कृषि
विभाग ने सिर्फ जयपुर ही नहीं, बल्कि जोधपुर, बीकानेर, सीकर और चूरू समेत
कई जिलों में एक साथ कार्रवाई अभियान चलाया । अधिकारियों के मुताबिक कई
अवैध इकाइयां नकली और अमानक कृषि उत्पादों के निर्माण और पैकेजिंग में
शामिल पाई गईं। विभाग ने कहा कि सभी मामलों में नियमानुसार सख्त कार्रवाई
की जा रही है।कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि सरकार
किसानों को आगामी बुवाई सीजन के लिए प्रमाणित और अच्छी गुणवत्ता वाले बीज
उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने साफ कहा कि किसानों
के साथ धोखा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और नकली बीज बेचने वाले
नेटवर्क पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
बुवाई सीजन से पहले बढ़ी चिंता
राजस्थान
में जल्द ही खरीफ फसलों की बुवाई शुरू होने वाली है। ऐसे समय में नकली
बीजों का बाजार सक्रिय होना किसानों के लिए बड़ी चिंता माना जा रहा है।
क्योंकि खराब गुणवत्ता वाले बीजों से किसानों की फसल खराब हो सकती है,
जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। इसलिए किसानों को
सिर्फ प्रमाणित दुकानों और अधिकृत कंपनियों से ही बीज खरीदने की सलाह दी जा
रही है।
एक टिप्पणी भेजें