राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले के देवगढ़ थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। गुरुवार रात घर के बाहर खाट पर सो रही मां-बेटी पर अज्ञात हमलावर ने धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
इस वीभत्स हमले में 12 वर्षीय मासूम बेटी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से घायल है। घटना के वक्त परिवार के पुरुष सदस्य मजदूरी के सिलसिले में जिले से बाहर थे।
सुबह लौटी दूसरी बेटी ने देखा खून का मंजर
पुलिस के अनुसार, 40 वर्षीय महिला अपनी छोटी बेटी के साथ घर के बाहर सोई थी। उसी रात उसकी 15 साल की बड़ी बेटी पड़ोस में रिश्तेदारों के घर रुकने गई थी। शुक्रवार सुबह जब वह वापस घर लौटी, तो खाट का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। मां और बहन खून से लथपथ पड़े थे। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर जमा हुए और तुरंत देवगढ़ थाना पुलिस को सूचना दी।
यह भी देखे 👉मोबाइल पर अचानक अलर्ट, अगले कुछ घंटों के लिए मौसम विभाग की चेतावनी
पुलिस और FSL टीम जांच में जुटी
देवगढ़ थाना अधिकारी नगजी राम ने बताया कि सुबह करीब 8 बजे सूचना मिलते ही पुलिस टीम एफएसएल (FSL) दस्ता लेकर मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए।
घायल महिला को पहले प्रतापगढ़ जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे उदयपुर रेफर कर दिया है।
घटना की जानकारी मिलते ही राजसमंद में मजदूरी कर रहे मृतका के पिता और भाई सीधे उदयपुर के लिए रवाना हो गए हैं। पुलिस अज्ञात हमलावर की तलाश और हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
एक टिप्पणी भेजें