रामजीपुरा कलाँ आयुर्वेद औषधालय में औषधीय पौधों के संरक्षण की सराहनीय पहल
रामजीपुरा कलाँ। २६ अगस्त २०२६,बाबूलाल कुमावत (सवांददाता)
राजकीय आयुर्वेद औषधालय, रामजीपुरा कलाँ को हरित एवं औषधीय पौधों से समृद्ध बनाने की दिशा में सराहनीय पहल की गई है। औषधालय परिसर की उपलब्ध भूमि के समुचित उपयोग तथा औषधीय वनस्पतियों के संरक्षण के उद्देश्य से भामाशाहों के सहयोग से परिसर के चारों ओर तार-जाली बाउंड्री का निर्माण कार्य पूर्ण करवाया गया।
औषधालय के चिकित्साधिकारी डॉ. शंकरलाल बुरडक ने बताया कि औषधालय परिसर में पर्याप्त भूमि उपलब्ध है, जिसका उपयोग विभिन्न औषधीय पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए किया जाएगा। पौधों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तार-जाली बाउंड्री का निर्माण करवाया गया है।
कर्मचारियों ने स्वयं दिया आर्थिक सहयोग
इस पहल की खास बात यह रही कि औषधालय के कर्मचारियों ने स्वयं भामाशाह बनकर आर्थिक सहयोग दिया। योग प्रशिक्षक मिसरी देवी पत्नी श्री राजेन्द्र किसान, वरिष्ठ कम्पाउंडर प्रकाशचंद बलाई तथा चिकित्साधिकारी डॉ. शंकरलाल बुरडक ने ₹10-₹10 हजार, यानी कुल ₹30 हजार का व्यक्तिगत सहयोग प्रदान किया। इसी सहयोग से बाउंड्री का कार्य पूर्ण हुआ।
अब परिसर में विकसित होगा औषधीय पौधों का उद्यान
डॉ. बुरडक ने कहा कि आयुर्वेद औषधालय केवल उपचार और औषधि वितरण का केंद्र नहीं, बल्कि औषधीय वनस्पतियों के संरक्षण एवं जनजागरूकता का केंद्र भी बन सकता है। आगामी चरण में परिसर में विभिन्न औषधीय पौधों का रोपण किया जाएगा।
इससे आमजन और विद्यार्थियों को आयुर्वेदिक वनस्पतियों तथा उनके औषधीय महत्व की प्रत्यक्ष जानकारी मिल सकेगी। औषधालय स्टाफ की इस पहल को “अपना औषधालय–अपना दायित्व” की भावना का उदाहरण माना जा रहा है।
स्थानीय ग्रामीणों एवं आयुर्वेद प्रेमियों ने कर्मचारियों द्वारा स्वयं आर्थिक सहयोग देकर किए गए इस कार्य की सराहना की। आने वाले समय में औषधालय परिसर में विकसित होने वाला औषधीय पौधों का उद्यान पर्यावरण संरक्षण, आयुर्वेद के प्रचार-प्रसार और जनजागरूकता का महत्वपूर्ण केंद्र बन सकता है।
मुख्य बिंदु:
औषधालय परिसर में तार-जाली बाउंड्री का कार्य पूर्ण
कर्मचारियों ने मिलकर ₹30 हजार का व्यक्तिगत सहयोग दिया
परिसर में विभिन्न औषधीय पौधों का किया जाएगा रोपण
विद्यार्थियों और आमजन को औषधीय वनस्पतियों की जानकारी मिलेगी
पहल का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण और आयुर्वेद को बढ़ावा देना

إرسال تعليق