Top News

नैनवां में दूसरे दिन भी धूमधाम से निकली ऐतिहासिक कजली तीज माता की सवारी

 

झांकियों, बैंड-बाजों और कच्छी घोड़ी नृत्य ने बांधा समां, कनक सागर पाल पर हुई महाआरती और भव्य आतिशबाजी

नैनवां।02/09/2026,रिपोर्ट: श्रवण कुमार गुर्जर 

ऐतिहासिक कजली तीज महोत्सव के तहत नैनवां में मंगलवार शाम को तीज माता की सवारी दूसरे दिन भी पारंपरिक रीति-रिवाज और पूरे उत्साह के साथ निकाली गई। सवारी को लेकर शहर में श्रद्धा और उत्सव का माहौल नजर आया। बड़ी संख्या में नागरिकों ने शोभायात्रा में भाग लिया और जगह-जगह तीज माता का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।



गढ़ चौक स्थित पुरानी तहसील परिसर से उपखंड अधिकारी दीपांशु चौधरी, नगरपालिका अधिशासी अधिकारी नरेंद्र कुमार मीणा एवं थानाधिकारी सहदेव सिंह ने पंडितों के सानिध्य में विधिवत पूजा-अर्चना कर तीज माता की सवारी का शुभारंभ किया।

आकर्षक झांकियों और कच्छी घोड़ी नृत्य ने मोहा मन

शोभायात्रा में क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई आकर्षक झांकियां लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। जुलूस में शामिल 8 अलग-अलग बैंड-बाजों की मधुर धुनों और आगे चल रहे कच्छी घोड़ी नृत्य ने पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया।

सवारी के मार्ग में जगह-जगह नागरिकों ने पुष्प वर्षा कर तीज माता का स्वागत किया। वहीं आतिशबाजी ने आयोजन की भव्यता को और बढ़ा दिया।

कनक सागर पाल पर हुई महाआरती

तीज माता की शोभायात्रा गढ़ चौक से रवाना होकर झंडे की गली, चारभुजा जी मंदिर, दीपक मेडिकल स्टोर होते हुए गढ़ पोल दरवाजे से कनक सागर तालाब की पाल पहुंची।

कनक सागर की पाल स्थित तीज के चबूतरे पर विधिवत पूजा-अर्चना के बाद महाआरती का आयोजन किया गया। इसके बाद भव्य आतिशबाजी हुई। पाल पर बड़ी संख्या में मौजूद श्रद्धालुओं और नागरिकों ने महाआरती तथा आतिशबाजी के मनमोहक दृश्य का आनंद लिया।

जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की रही मौजूदगी

आयोजन में उपखंड अधिकारी दीपांशु चौधरी, नगरपालिका अधिशासी अधिकारी नरेंद्र कुमार मीणा, थानाधिकारी सहदेव सिंह, पूर्व चेयरमैन पुखराज ओसवाल, पूर्व पार्षद रमेश चौधरी, आशा सैनी, वार्ड पार्षद, वरिष्ठ नागरिक सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे।

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को किया सम्मानित

धार्मिक अनुष्ठान और महाआरती के बाद तीज माता की सवारी पारंपरिक मार्ग से होते हुए वापस गढ़ चौक पहुंची। यहां मुख्य अतिथियों ने सवारी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों एवं प्रतिभागियों को पारितोषिक देकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम के अंत में नगरपालिका अधिशासी अधिकारी नरेंद्र कुमार मीणा ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और नागरिकों का आभार व्यक्त किया तथा आयोजन को सफल बनाने में सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।

रिपोर्ट: श्रवण कुमार गुर्जर, नैनवां

Post a Comment

أحدث أقدم
 राजस्थान वाणी

विज्ञापन

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume