तलवास, बूंदी। 02/09/2026 (श्रवण कुमार गुर्जर)
बूंदी जिले की पहाड़ी तलहटी में बसे तलवास गांव में पशुपालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। कृषि के साथ-साथ बड़ी संख्या में परिवार पशुपालन पर निर्भर हैं। इसके बावजूद गांव में पशुओं के उपचार के लिए पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध नहीं होने से पशुपालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
तलवास में वर्षों से संचालित राजकीय पशु चिकित्सा उपकेंद्र आज भी अपने भवन के अभाव में एक 60 वर्ष से अधिक पुराने पूर्व आयुर्वेद चिकित्सालय के भवन के एक कमरे में संचालित हो रहा है। ग्रामीणों के अनुसार भवन जर्जर स्थिति में है और बारिश के दौरान छत से पानी टपकने के साथ सड़क का पानी भी अंदर आने की समस्या रहती है। कम ऊंचाई वाले भवन में दवाइयों, रिकॉर्ड और फर्नीचर को सुरक्षित रखना भी मुश्किल है।
15 से अधिक गांवों के पशुपालक पहुंचते हैं
इस पशु चिकित्सा उपकेंद्र पर तलवास सहित 15 से अधिक गांवों के पशुपालक अपने पशुओं के उपचार के लिए पहुंचते हैं। उपकेंद्र में एक पशुधन निरीक्षक और एक सहायक कर्मचारी का पद स्वीकृत है। वर्तमान में पशुधन निरीक्षक के पद पर हंसा कुमारी मीणा कार्यरत हैं, जो रोगी पशुओं का उपचार कर रही हैं। वहीं सहायक कर्मचारी का पद लंबे समय से रिक्त पड़ा है।
आवंटित भूमि पर भवन निर्माण बजट के अभाव में अटका
ग्रामीणों के अनुसार पशु चिकित्सा उपकेंद्र के लिए आंतरदा रोड पर भूमि पहले से आवंटित है, लेकिन बजट जारी नहीं होने के कारण यहां नए भवन का निर्माण नहीं हो सका है। ग्रामीणों की मांग है कि आवंटित भूमि पर जल्द से जल्द भवन निर्माण के लिए बजट स्वीकृत किया जाए।
पशुपालन को बढ़ावा देने के बावजूद सुविधाओं का अभाव
समाजसेवी मूलचंद शर्मा ने बताया कि राज्य सरकार की ओर से पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए बैंक ऋण, पशु बीमा और बैलों पर अनुदान सहित कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। वहीं किसान रासायनिक खाद के बढ़ते उपयोग से घटती मिट्टी की उर्वरा शक्ति को देखते हुए गोबर खाद के माध्यम से खेती को बेहतर बनाने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे में पशुओं के उपचार की बेहतर व्यवस्था होना बेहद जरूरी है।
ग्रामीणों ने की उपकेंद्र को पशु चिकित्सालय में क्रमोन्नत करने की मांग
ग्रामीणों अवध बिहारी शर्मा, भगवत प्रसाद तिवाड़ी, सीयाराम साहू, प्रभू लाल सैनी, शिवदत्त तिवाड़ी, सांवरा बिहारी जोशी, शिवप्रसाद शर्मा, हंसराज गुर्जर, कल्याण मल गुर्जर, सत्येन्द्र शर्मा, शम्भू दयाल बाबरिया और कन्हैयालाल नागर सहित अनेक लोगों ने राजकीय पशु चिकित्सा उपकेंद्र तलवास को पशु चिकित्सालय में क्रमोन्नत करने की मांग की है।
समाजसेवी मूलचंद शर्मा ने ओम बिरला, क्षेत्रीय सांसद एवं लोकसभा अध्यक्ष, राज्य सरकार, जिला कलेक्टर और मुख्य जिला पशुपालन अधिकारी, बूंदी को पत्र भेजकर उपकेंद्र को क्रमोन्नत करने तथा आंतरदा रोड पर आवंटित भूमि पर भवन निर्माण के लिए बजट जारी करने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि उपकेंद्र के क्रमोन्नयन और नए भवन के निर्माण से क्षेत्र के पशुपालकों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही यहां नियमित पशु चिकित्सक की सेवाएं उपलब्ध होने से पशुओं के उपचार के लिए दूर-दराज जाने की समस्या भी कम हो सकेगी।
إرسال تعليق