Top News

नागौर में तिरंगा मेले और प्रदर्शनी का शुभारंभ, डॉ. मंजू बाघमार ने किया उद्घाटन

 नागौर | 11 अगस्त 2026,रमेश सिंह (प्रधान संपादक)

स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में नागौर के टाउन हॉल में मंगलवार को तिरंगा मेले एवं तिरंगा प्रदर्शनी का शुभारंभ राजस्थान सरकार की सार्वजनिक निर्माण विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की राज्य मंत्री डॉ. मंजू बाघमार ने किया। इस दौरान उन्होंने प्रदर्शनी और विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन कर जानकारी ली।

फोटो- नागौर टाउन हॉल में तिरंगा प्रदर्शनी एवं मेले का उद्घाटन करतीं राज्य मंत्री डॉ. मंजू बाघमार।

तिरंगे के इतिहास और महत्व की दी जानकारी

प्रदर्शनी में राष्ट्रीय ध्वज के इतिहास, स्वरूप, महत्व और राष्ट्रीय जीवन में इसकी गरिमा से आमजन को परिचित कराने के लिए विभिन्न स्टैंडी, पोस्टर तथा ज्ञानवर्धक सामग्री प्रदर्शित की गई है। वहीं तिरंगा मेले के माध्यम से लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और देश के प्रति गौरव की भावना से जोड़ा जा रहा है।

महिलाओं के उत्पादों की भी लगी स्टॉल

मेले में कृषि विभाग, पशुपालन विभाग और राजीविका से जुड़ी महिलाओं ने विभिन्न उत्पादों के स्टॉल लगाए। मंत्री डॉ. बाघमार ने स्टॉलों का निरीक्षण किया और महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों एवं गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तीकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

“तिरंगा देश की शान और हमारा अभिमान”

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. बाघमार ने कहा कि तिरंगा देश की शान और हमारा अभिमान है। हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, गौरव और देशभक्ति की भावना को और मजबूत करना है।

उन्होंने कहा कि तिरंगा हमारे मान-सम्मान का प्रतीक है और प्रत्येक देशवासी का कर्तव्य है कि वह राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करे। उन्होंने आमजन से 15 अगस्त के राष्ट्रीय पर्व को उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाने का आह्वान किया।

दिलाई तिरंगा सम्मान की शपथ

कार्यक्रम के दौरान मंत्री डॉ. बाघमार ने उपस्थित लोगों को तिरंगा सम्मान की शपथ दिलाई। लोगों ने राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, देश की एकता एवं अखंडता बनाए रखने तथा राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया।

अधिकारी और आमजन रहे मौजूद

कार्यक्रम में नागौर जिला कलेक्टर देवेंद्र कुमार, अतिरिक्त जिला कलेक्टर राम रतन सौंकरिया, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रणजीत सिंह गोदारा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

12 अगस्त तक आमजन के लिए खुला रहेगा मेला

कृषि विभाग, जनसंपर्क विभाग एवं शिक्षा विभाग के तत्वावधान में आयोजित तिरंगा प्रदर्शनी एवं तिरंगा मेला 11 और 12 अगस्त को टाउन हॉल नागौर में आमजन के लिए नि:शुल्क खुला रहेगा। लोग सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक प्रदर्शनी एवं मेले का अवलोकन कर सकेंगे।

जिला प्रशासन ने नागरिकों, विद्यार्थियों और युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर तिरंगा प्रदर्शनी एवं मेले का अवलोकन करने और राष्ट्रीय ध्वज के गौरव एवं सम्मान से जुड़ी जानकारी प्राप्त करने की अपील की है।

🔴 राजस्थान वाणी | गाँव से शहर तक

Post a Comment

और नया पुराने
 राजस्थान वाणी

विज्ञापन

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume